318 ग्राम पंचायतों में वित्तीय समावेशन शिविर 15 जून से
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद की सभी 318 ग्राम पंचायतों में 15 जून से 15 जुलाई तक फाइनेंशियल इन्क्लूजन सैचुरेशन कैंप लगाने का निर्णय लिया गया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को बैंकिंग सेवाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। शिविरों में बैंक खाते खोलने, आधार सीडिंग, केवाईसी, डिजिटल बैंकिंग तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी बैंकों एवं विभागों से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
विशेष अभियान में 50 से अधिक ई-रिक्शा सीज

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शहर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर 50 से अधिक बिना सत्यापन संचालित ई-रिक्शाओं को सीज किया। वाल्मीकि चौक, रेलवे स्टेशन और कर्नाटक भवन क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएंn
हरिद्वार। समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष तथा राज्यमंत्री स्तर के दर्जा प्राप्त पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने ग्राम मतलबपुर में आयोजित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। उन्होंने ग्रामीणों और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सरलता से पहुंचाना प्राथमिकता है।
प्रोजेक्ट लेखन पर विशेष व्याख्यान आयोजित

हरिद्वार। समविश्वविद्यालय के शोध एवं विकास प्रकोष्ठ द्वारा प्रोजेक्ट लेखन तथा अनुदान प्रदत्त संस्थाओं की उपयोगिता विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता जेएनयू के वरिष्ठ प्रोफेसर सुधीर कुमार आर्य ने शोधार्थियों और शिक्षकों को प्रोजेक्ट तैयार करने तथा अनुदान एजेंसियों से समन्वय स्थापित करने के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
यूकेएसएसएससी परीक्षा 14 जून को 53 केंद्रों पर

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 14 जून को आयोजित होने वाली यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। जनपद के 53 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए नोडल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, सीसीटीवी, फ्रिस्किंग, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा से पूर्व होटल, लॉज और कोचिंग संस्थानों की भी जांच की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।












