हरिद्वार-रूड़की रोड स्थित बहदराबाद टोल प्लाजा के पास ‘श्री साई शिव गंगा धाम’ में 17 जून को विश्व के सबसे बड़े (5210 किलोग्राम वजन के) ‘पारदेश्वर शिवलिंग’ की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगी। धाम के संस्थापक राजीव बंसल ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य अनुष्ठान सुबह 9 से 11 बजे तक चलेगा, जिसके बाद संत वाणी और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा। इस भव्य महोत्सव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ भाजपा के केंद्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मदन कौशिक, डॉ. धन सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर देश के प्रतिष्ठित संत समाज का बड़ा जमावड़ा होगा, जिसमें स्वामी अवधेशानंद गिरी, स्वामी कैलाशानंद गिरी, योग गुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी चिदानन्द सरस्वती, साध्वी ऋतम्भरा और सुधांशु महाराज सहित कई प्रमुख संत शामिल हैं। साथ ही विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, अध्यक्ष आलोक कुमार और संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे सहित कई विहिप नेता भी उपस्थित रहेंगे।
शास्त्रों के अनुसार, पारद शिवलिंग की पूजा अत्यंत चमत्कारी व रोग-दरिद्रता का नाश करने वाली मानी जाती है। शिवलिंग निर्माणकर्ता गुरु रघुनाथ यमूल के अनुसार, पारे को ठोस रूप देकर इतने बड़े शिवलिंग का निर्माण विशेष रस विद्या और वर्षों की तपस्या से संभव हुआ है। इस दिव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा काशी (वाराणसी) से आए विद्वान आचार्यों के दल द्वारा रुद्राभिषेक, लघुरुद्र और विशेष पारद संस्कारों के माध्यम से कराई जाएगी। धाम में महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और संस्थापक राजीव बंसल के मुताबिक, भविष्य में इस स्थान को धार्मिक पर्यटन के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।













