सिडकुल में जीएसटी चोरी पर बड़ी कार्रवाई: 4 कंपनियों पर छापेमारी, ₹2 करोड़ वसूले

Listen to this article

हरिद्वार। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में राज्य कर विभाग ने जीएसटी चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक दाना कारोबार से जुड़ी चार कंपनियों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान करोड़ों रुपये की कर चोरी, फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और सर्कुलर ट्रेडिंग के गंभीर मामले सामने आए। विभाग ने मौके पर ही दो करोड़ रुपये की वसूली की और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज व डिजिटल रिकॉर्ड जब्त कर लिए। इस कार्रवाई से सिडकुल की अन्य औद्योगिक इकाइयों में हड़कंप मच गया है।

​सर्कुलर ट्रेडिंग और रिकॉर्ड में मिलीं भारी कमियाँ

​राज्य कर उपायुक्त कार्तिकेय वर्मा ने बताया कि 12 अधिकारियों की चार टीमों ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। जांच में सामने आया कि चारों कंपनियां आपस में सर्कुलर ट्रेडिंग कर कागजों पर टर्नओवर बढ़ा रही थीं और फर्जी ITC का लाभ उठाकर नकद कर भुगतान को शून्य या बेहद कम दिखा रही थीं। जब गोदामों के वास्तविक स्टॉक का मिलान खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड से किया गया, तो उसमें भारी विसंगतियां पाई गईं।

​कर चोरी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

​राज्य कर आयुक्त प्रतीक जैन ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में कर अपवंचन (Tax Evasion) के खिलाफ यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। जब्त किए गए कंप्यूटर डेटा और दस्तावेजों की गहन जांच के बाद अंतिम कर देनदारी और जुर्माने की राशि तय की जाएगी। विभाग डिजिटल डेटा विश्लेषण के जरिए ऐसी डिफाल्टर कंपनियों पर लगातार निगरानी रख रहा है, जिससे आने वाले दिनों में अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी ऐसी कार्रवाइयाँ देखने को मिल सकती हैं।