हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित गुर्जर डेयरी पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान डेयरी से लगभग 50 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद किया गया। पूछताछ में डेयरी संचालक इमादत अली के भाई सराफत अली ने स्वीकार किया कि पनीर बनाने में दूध पाउडर और फॉस्फेट का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके से मिल्क पाउडर के लगभग 50 खाली पैकेट जब्त किए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के लिए पनीर और दूध के दो नमूने राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे हैं। सैंपल लेने के बाद शेष लगभग 49 किलोग्राम पनीर को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। निरीक्षण में पाया गया कि संचालक रिटेल व्यवसाय के लाइसेंस पर नियमों का उल्लंघन करते हुए दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहा था। इस पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने संचालक इमादत अली और उनके भाई सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नोटिस जारी किया। इस संयुक्त छापेमारी में श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा, एसआई रविंद्र गौड़, खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त (गढ़वाल मंडल) राजेंद्र सिंह रावत और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।













