हरिद्वार, उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड में धर्म की आड़ में लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले ढोंगियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा अभियान चलाया है। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुरू किए गए ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के पहले ही दिन हरिद्वार में 13 फर्जी बाबाओं को गिरफ्तार किया गया है। ये ढोंगी, साधु-संतों का वेश धारण कर विशेषकर महिलाओं और युवाओं को उनकी व्यक्तिगत या घरेलू समस्याओं के समाधान का प्रलोभन देकर गुमराह कर रहे थे।
गिरफ्तार किए गए 13 फर्जी बाबाओं में से 12 उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के रहने वाले हैं। इनमें गौरव शर्मा (मुजफ्फरनगर), आशुपाल (प्रतापगढ़), बालयोगी सुंदरनाथ (हिसार), बलवान सिंह (जालौन), सोनू उर्फ फक्कड़ बाबा (मुजफ्फरनगर), सतेंद्र (बागपत), चिंतामणि पटेल (रीवा), वीरेश कुमार पाठक (हरदोई), अशोक दास (इटावा), पूरन (हरदोई), प्रदीप बहुखण्डी (पौड़ी गढ़वाल), रामप्रकाश अवस्थी (हरदोई) और विजय (नागपुर) शामिल हैं।
देहरादून में भी कार्रवाई, एक बांग्लादेशी सहित 25 फर्जी बाबा गिरफ्तार
इसी बीच, प्रदेश की राजधानी देहरादून में भी पुलिस ने ऐसे ढोंगियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देहरादून पुलिस ने 25 फर्जी बाबाओं को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल है। यह दर्शाता है कि उत्तराखंड पुलिस धर्म के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।
ये गिरफ्तारियां ‘देवभूमि’ की धार्मिक पवित्रता को बनाए रखने और आम जनता को ऐसे ठगों से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम हैं। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी धर्म की आड़ में लोगों की आस्था का दुरुपयोग न कर सके।
2025-07-11














