अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में, सचिव शचि शर्मा ने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर मां अम्बे नर्सिंग कॉलेज, होली एंजिल पब्लिक स्कूल और जय श्री कॉलेज अल्मोड़ा में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया।
शिविरों की शुरुआत नालसा के थीम गीत “एक मुठ्ठी आसमान” से हुई। सचिव ने विद्यार्थियों को बढ़ती जनसंख्या के दुष्परिणाम और कारण, कानूनी सेवा संस्थानों के कार्य, मुफ्त कानूनी सहायता, नालसा (एसिड हमलों के पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाएं) योजना 2016, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम 2013, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, बच्चों के अधिकार और 1 जुलाई से 90 दिनों तक चलने वाले “मध्यस्थता राष्ट्र के लिए” विशेष अभियान के बारे में जागरूक किया। इस दौरान पैम्फलेट भी बांटे गए।
मेडिकल कॉलेज से डॉ. सज्जन कुमार शौकीन ने जनसंख्या वृद्धि की रोकथाम पर जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, हरेला महोत्सव के उपलक्ष्य में 31 जुलाई तक चलाए जा रहे पौधारोपण-वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत मां अम्बे नर्सिंग कॉलेज और होली एंजिल पब्लिक स्कूल में औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया। शिविरों का समापन भी नालसा थीम गीत “एक मुठ्ठी आसमान” के साथ हुआ। इन शिविरों में विद्यालयों और संस्थानों के अध्यापकगण व अधिकार मित्र भी उपस्थित रहे।
2025-07-12














