हरिद्वार/देहरादून। हिंदी साहित्य समिति और राष्ट्रीय कवि संगम देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कवयित्री डाॅ. उषा झा ‘रेणू’ के काव्य संग्रह ‘छंद प्रभा’ का विमोचन किया। होटल इंद्रलोक राजपुर रोड, देहरादून में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए श्रीमती खंडूड़ी ने ‘छंद प्रभा’ को एक उत्कृष्ट रचना बताया, जिसमें समाज के विभिन्न पहलुओं जैसे सामाजिक विसंगतियां, प्रकृति प्रेम, नारी उत्थान, पहाड़ों से पलायन और भक्ति प्रेम को छुआ गया है। उन्होंने कवयित्री को बधाई देते हुए अनवरत लेखन जारी रखने की प्रेरणा दी।
डाॅ. उषा झा ‘रेणू’ ने अपनी पुस्तक के बारे में बताया कि ‘छंद प्रभा’ में छंदानुशासन का विधिवत पालन करते हुए रचनाएं प्रस्तुत की गई हैं, जिनमें छंदों के शिल्प विधानों का भी उल्लेख है। कार्यक्रम में साहित्यकार असीम शुक्ल, डाॅ. राम विनय सिंह और डाॅ. सुधा रानी पांडेय ने भी पुस्तक के विभिन्न पक्षों और छंदों पर अपने विचार रखे। दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न छंदों के सटीक प्रयोग और उनके शिल्प विधान के उल्लेख की सराहना की, जिससे साहित्य कोष में वृद्धि होगी और नए रचनाकारों को प्रेरणा मिलेगी।
2025-07-20













