हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे होने के अवसर पर, प्रेस क्लब (रजि.) हरिद्वार 11 अगस्त को एक भव्य समारोह का आयोजन कर रहा है। इस द्विशताब्दी समारोह का उद्देश्य हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को याद करना और वर्तमान व भविष्य की दिशा पर विचार करना है।इस अवसर पर, प्रेस क्लब के सभागार में एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज करेंगे।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी शामिल होंगे। वहीं, मुख्य वक्ता के तौर पर भोपाल स्थित माधवराव सप्रे संग्रहालय के संस्थापक विजयदत्त श्रीधर उपस्थित रहेंगे, जो हिंदी पत्रकारिता के इतिहास और महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।इस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रेस क्लब के कई वरिष्ठ पत्रकार और सदस्य मौजूद थे। बैठक में शिवा अग्रवाल ने बताया कि पूरे वर्ष इस उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बैठक में सुनील दत्त पाण्डेय, गुलशन नैय्यर, डॉ शिवा अग्रवाल, धर्मेंद्र चौधरी, दीपक मिश्रा, काशीराम सैनी, डॉ रजनीकांत शुक्ला, संजय आर्य, नरेश दिवान शैली, संदीप रावत, डॉ मनोज सोही, बालकृष्ण शास्त्री, प्रतिभा वर्मा, ठाकुर शैलेन्द्र सिंह, आशीष मिश्रा, संजय रावल, एम.एस.नवाज, श्रवण झा, मनोज खन्ना, विकास झा, बिट्टू पालीवाल और अमित गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
2025-08-07













