राष्ट्र ध्वज के अपमान पर मामला दर्ज
हरिद्वार: पथरी क्षेत्र में राष्ट्र ध्वज के अपमान का मामला सामने आया है। आरोप है कि तिरंगे के बीच से अशोक चक्र हटाकर वहां उर्दू व अरबी भाषा में कलमा लिख दिया गया था। बजरंग दल नेता जिवेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित आजम और अन्य के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तरकाशी आपदा पीड़ितों के लिए शांतिकुंज से राहत सामग्री रवाना

हरिद्वार: उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए शांतिकुंज से दूसरी बार राहत सामग्री भेजी गई है। राहत दल अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या और श्रद्धेया शैलदीदी के मार्गदर्शन में रवाना हुआ। इस खेप में करीब दो सौ परिवारों के लिए आटा, चावल, दालें, मसाले, चीनी, बर्तन, और गर्म कपड़े जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं ।
पुलिस लाइन में जन्माष्टमी का आयोजन

हरिद्वार: पुलिस लाइन रोशनाबाद में कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पुलिस अधिकारियों और उनके परिवार के सदस्यों के साथ पूजा-अर्चना की। आधी रात को श्रीकृष्ण का जन्म होते ही मंदिर परिसर आरती और भजनों से गूंज उठा ।
अतिक्रमण पर पुलिस की कार्रवाई
हरिद्वार: नगर कोतवाली पुलिस ने सड़क पर अतिक्रमण करने वाले एक दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने भीमगौडा रोड पर शक्ति वैष्णो होटल के संचालक शिवकुमार को सड़क पर सामान फैलाकर यातायात बाधित करने के आरोप में पकड़ा। पुलिस का कहना है कि पूर्व में भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्देशों की अवहेलना करने पर यह कार्रवाई की गई।













