हरिद्वार: जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने देवपुरा चौक पर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और प्रशासन की नाकामी के विरोध में धामी सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर, जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी विभाग अध्यक्ष मुरली मनोहर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में बदमाशों और अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण को लोकतंत्र का चीरहरण बताया और कहा कि इसका खामियाजा भाजपा को 2027 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
पूर्व प्रदेश महासचिव वरुण बालियान और वरिष्ठ नेता सोम त्यागी ने कहा कि धामी सरकार की ‘धमक’ केवल अराजकता फैलाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने में दिख रही है। वरिष्ठ नेता मनोज सैनी और पूर्व पार्षद राजीव भार्गव ने बताया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था धड़ाम हो गई है और महिला अपराधों में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में पहले स्थान पर है, जो कि बेहद शर्मनाक है।
शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी और पूर्व अध्यक्ष अंजू द्विवेदी ने कानून व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था के भी ध्वस्त होने का आरोप लगाया, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है। पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार और पार्षद विवेक भूषण विक्की ने कहा कि बदमाशों के हौसले बुलंद होने के कारण आमजन भयभीत हैं।
जिला अध्यक्ष ग्रामीण एससी विभाग तीर्थ पाल रवि और महानगर कांग्रेस एससी विभाग अध्यक्ष अमित चंचल ने कहा कि धामी सरकार में दलितों का उत्पीड़न बढ़ रहा है। यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष तुषार कपिल और पूर्व अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ने पर चिंता व्यक्त की।
इस विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, महानगर कांग्रेस महासचिव तरूण व्यास, पूर्व पार्षद सुहैल कुरैशी, जिला महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रचना शर्मा, पार्षद सोहित सेठी, सन्नी कुमार, हिमांशु राजपूत, अरूण राघव, ओम मलिक, विजय प्रजापति, करन सिंह राणा, महेंद्र गुप्ता, पूरन सिंह, वीरेंद्र भारद्वाज, शुभम जोशी, मंजू गोस्वामी, अज्जू खान, आशीष प्रधान, मनीष गुप्ता, ताहिर कुरैशी, संजय वाल्मीकि, विश्वास वालिया, शानू गिरी, मोहित गर्ग, अनुज गर्ग सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।













