हरिद्वार में 31 अगस्त को होगा ‘दिव्य गंगा महोत्सव’

Listen to this article

हरिद्वार, 29 अगस्त – दिव्य गंगा सेवा मिशन द्वारा 31 अगस्त को उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, गुरुकुल कांगड़ी परिसर में ‘दिव्य गंगा महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गंगा की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाना और गंगा संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है।

​प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस वार्ता में, दिव्य गंगा सेवा मिशन के राष्ट्रीय संयोजक केशव पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी मुख्य अतिथि होंगी, जबकि चित्रकूट के रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिशिर पाण्डेय अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

​इसके अलावा, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार नरेंद्र सिंह, आईआईटी रुड़की के सब-रजिस्ट्रार महावीर सिंह वीर, संत आशुतोष, और एलआईसी के सेवानिवृत्त डीजीएम व ज्योतिषी डॉ. नंदलाल मणि त्रिपाठी पीतांबर भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

​कार्यक्रम में माँ गंगा की स्तुति, दीप प्रज्वलन, विद्वानों और संतों के उद्बोधन, ‘गंगा की निर्मलता: चुनौतियां और समाधान’ विषय पर संगोष्ठी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भक्ति संगीत और एक मंचीय नाट्य प्रस्तुति का आयोजन होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. नंदलाल मणि त्रिपाठी की पुस्तक ‘वार्ष्णेय’ का लोकार्पण भी किया जाएगा। महोत्सव में आवारा पशु सेवा, वेद से विज्ञान और गुरुकुल परंपरा से जुड़े विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।