हरिद्वार: हरिद्वार में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद में अपने विपक्षी को फंसाने के लिए एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य (जिप सदस्य) ने खुद ही अपनी हत्या की झूठी साजिश रच डाली। बहादराबाद पुलिस ने इस साजिश का खुलासा करते हुए पूर्व जिप सदस्य समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एक लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त की गई है।
हत्या की सुपारी का झूठा आरोप
जानकारी के मुताबिक, 12 अक्टूबर को जाकिर पुत्र ताहिर निवासी ग्राम घोड़ेवाला, बहादराबाद ने पुलिस को तहरीर दी थी। जाकिर ने अपने विपक्षी (जावेद, याकूब, मुनफेत व जुनैद) पर जमीनी विवाद के चलते 30 लाख रुपये की सुपारी देकर अपनी हत्या करवाने का आरोप लगाया था। उसने बताया कि इसमें जलालपुर और रुड़की के कुछ युवक शामिल हैं।
खुद की गाड़ी पर फायरिंग की थी योजना
पुलिस टीम ने जब आजम, उस्मान, सोहेल, खालिक और शाजिद से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आई। पूर्व जिप सदस्य जाकिर का जावेद से पिछले 3-4 वर्षों से जमीनी विवाद चल रहा है। विपक्षी पर दबाव बनाने और झूठा मुकदमा दर्ज कराने के उद्देश्य से जाकिर ने अपनी ‘हत्या’ की फर्जी कहानी बनाई। उसने आजम, उस्मान और सोहेल को 50,000 रुपये का लालच देकर अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से अपनी कार पर फायरिंग करने की योजना बनाई थी, ताकि विपक्षी पर हत्या की सुपारी देने का झूठा आरोप लग सके। पुलिस की सख्ती से पूछताछ में यह पूरा षड्यंत्र उजागर हो गया।
पिस्टल जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा
पुलिस ने सभी छह आरोपितों को धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत हिरासत में लिया है। जाकिर की लाइसेंसी पिस्टल, जिसका नवीनीकरण समाप्त हो चुका था, उसके भतीजे खालिक से बरामद की गई। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने पर जाकिर और खालिक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है और पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट संबंधित अधिकारी को भेजी गई है।
गिरफ्तार आरोपित:
- जाकिर पुत्र ताहिर (पूर्व जिला पंचायत सदस्य)
- खालिक पुत्र सुलेमान
- शाजिद पुत्र सुलेमान (सभी निवासी घोड़ेवाला, बहादराबाद)
- उस्मान पुत्र लियाकत (निवासी जलालपुर, रुड़की)
- सोहेल पुत्र हसरत (निवासी सोत मोहल्ला, रुड़की)
- आजम पुत्र इलियास (निवासी कान्हापुर, रुड़की)
जाकिर पुत्र ताहिर हसन पर पूर्व में भी तीन मुकदमे दर्ज हैं।













