ज्वलनशील पदार्थ फेंकने वाला बुजुर्ग गिरफ्तार, 800 लीटर अवैध माल बरामद

Listen to this article

हरिद्वार/लक्सर। पटाखों के विवाद में चार बच्चों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने आरोपी बुजुर्ग गोवर्धन उर्फ दिलेराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने लक्सर की एक पंसारी की दुकान पर छापा मारकर करीब 800 लीटर अवैध ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया है। हालांकि, दुकानदार मौके से फरार हो गया।

घटना का विवरण:

भिक्कमपुर जीतपुर निवासी शेर सिंह ने 22 अक्टूबर को तहरीर दी थी कि 21 अक्टूबर की शाम उनके बच्चे गांव में पटाखे फोड़ रहे थे, जिस पर गांव के गोवर्धन उर्फ दिलेराम से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने नशे में बच्चों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया, जिससे चार बच्चे झुलस गए।

आरोपी की गिरफ्तारी और खुलासा:

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और 22 अक्टूबर को आरोपी गोवर्धन उर्फ दिलेराम को भिक्कमपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह ज्वलनशील पदार्थ लक्सर स्थित मामचंद पंसारी नाम की दुकान से खरीदा था, जिसे शिवा पुत्र संजय चलाता है।

दुकान पर छापा और बरामदी:

पुलिस टीम ने तहसीलदार लक्सर प्रताप सिंह चौहान के साथ मिलकर उक्त दुकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान दुकान से 18 जेरीकैन में लगभग 800 लीटर अवैध ज्वलनशील पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही दुकानदार फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

मुकदमा दर्ज:

वरिष्ठ उप निरीक्षक लोकपाल परमार ने बताया कि आरोपी गोवर्धन और फरार पंसारी दुकानदार के विरुद्ध धारा 124(2) बीएनएस व धारा 6 पोईजन एक्ट 1919 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी गोवर्धन उर्फ दिलेराम को न्यायालय में पेश किया गया है।