हरिद्वार, 31 अक्तूबर। श्री दर्शन निवास आश्रम के स्वामी कृष्ण कुमार अग्रवाल ने साध्वी सरोजिनी गिरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि उनकी संपत्ति के पते का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार करके ‘गुरु मां परिवार ट्रस्ट’ का गठन किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि साध्वी सरोजिनी गिरी उनकी अनुमति और सहमति के बिना आपराधिक षड्यंत्र रचकर आश्रम की संपत्ति हड़पने की कोशिश कर रही हैं। फर्जी तरीके से गठित इस ट्रस्ट का प्रधान कार्यालय भी उनकी संपत्ति पर दर्शाया गया है।
इस मामले में नगर कोतवाली पुलिस को शिकायत की गई है, जिसके बाद पुलिस ने साध्वी सरोजिनी गिरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कृष्ण कुमार अग्रवाल ने सरोजिनी गिरी को तत्काल गिरफ्तार करने और उप निबंधक कार्यालय द्वारा बिना सहमति के ट्रस्ट डीड पंजीकृत करने की भी गंभीरता से जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि भगवा वस्त्र धारण कर साध्वी संपत्तियां हड़पकर सनातन संस्कृति को बदनाम कर रही हैं।














