हरिद्वार। हरिद्वार में युवाओं के बीच बढ़ते नशे के प्रचलन के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर आज नगर उद्योग व्यापार मंडल की शहर इकाई के पदाधिकारियों और भीमगोड़ा-खड़खड़ी क्षेत्र के निवासियों ने कोतवाली हरिद्वार प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने वालों में अनुज गुप्ता, मयंक मूर्ति भट्ट, प्रवीण शर्मा, कैलाश भट्ट, बादल गोस्वामी और अजय अरोड़ा प्रमुख थे। उन्होंने शहर में नशे के बढ़ते जाल, विशेषकर स्कूल-कॉलेजों के आसपास तस्करों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता व्यक्त की और कहा कि युवा पीढ़ी शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से कमजोर हो रही है। उन्होंने मांग की कि नशा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई हो, स्कूल-कॉलेजों के आसपास निगरानी बढ़े तथा सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाए।
अखिल शर्मा, रविश भटीजा और रवि शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और भविष्य में भी नशा मुक्ति के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में अजय अरोड़ा, शुभम जोशी, विमल सक्सेना सहित कई अन्य क्षेत्रवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।














