हरिद्वार/लक्सर। जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) लक्सर ने पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए एक आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह आरोपी माल बरामदगी के दौरान एक पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया था। पुलिस की सक्रियता और कई टीमों के गठन के बाद आरोपी को डोईवाला क्षेत्र से दबोचा गया।
जीआरपी थाना लक्सर प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमजद उर्फ शहबाब (उम्र 31 वर्ष), पुत्र जाकिर हुसैन, निवासी तेलीवाला पाडली गुज्जर, थाना गंगनहर रुड़की के रूप में हुई है। अमजद ट्रेन में बिजनौर निवासी एक यात्री का पर्स छीनकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था। यह घटना बीती 1 जून को सहारनपुर-मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन में हुई थी, जब आरोपी ने इकबालपुर स्टेशन के पास पीड़ित की पत्नी का पर्स छीना था, जिसमें नकदी, ज्वैलरी और दो मोबाइल थे।
जीआरपी लक्सर में मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच में अमजद का नाम सामने आया था। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया और गंगनहर पुल के पास माल छिपाने की बात बताई। 26 अक्टूबर को जब पुलिस उसे माल बरामदगी के लिए लेकर गई थी, तो आरोपी ने एक पुलिसकर्मी को धक्का देकर गंगनहर में गिरा दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का अलग से मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी जीआरपी त्रिप्ति भट्ट के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया। मैन्युअल पुलिसिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को कालूवाली पानी की टंकी, सैन चौकी, थानो रोड, थाना डोईवाला क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी अमजद ने बताया कि वह नशे और जुए का आदी है और पहली बार जेल जाने के डर से फरार हुआ था। उसने बताया कि फरार होने के बाद उसने खेतों के खंभे से हथकड़ी की रस्सी रगड़कर काटी और जंगल व गांवों से पैदल चलते हुए डोईवाला पहुंचा था। वह यहाँ मजदूरी करके अपनी पत्नी को साथ लेकर राज्य से बाहर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा।
जीआरपी थाना लक्सर प्रभारी ने बताया कि आरोपी अमजद उर्फ शहबाब को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है।














