Listen to this article

हरिद्वार में स्वच्छता अभियान का दूसरा माह शुरू

हरिद्वार: जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व में तीर्थनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए चलाया जा रहा अभियान सफलतापूर्वक दूसरे महीने में प्रवेश कर गया है। एनएचआई, लोनिवि (PWD) और जल निगम द्वारा सड़कों के किनारे सफाई, झाड़ी कटान और गड्ढा मुक्ति का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्वयं सहायता समूह और खंड विकास अधिकारी भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। नियम तोड़ने वाले और गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।

भव्य कुंभ हेतु ‘ग्रीन घाट’ का प्रस्ताव: मेलाधिकारी ने की बैठक

हरिद्वार: आगामी कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में तीन नए घाटों के निर्माण के साथ-साथ ‘ग्रीन घाट’ बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, एसटीपी प्लांट और म्यूजियम निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर पीपीटी के जरिए चर्चा हुई। टीम ने सीसीआर से वीआईपी घाट तक स्थलीय निरीक्षण भी किया।

बीएचईएल हरिद्वार ने भारतीय नौसेना को सौंपी 50वीं ‘सुपर रैपिड गन माउंट’

हरिद्वार: रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ की ओर कदम बढ़ाते हुए बीएचईएल (BHEL) हरिद्वार ने अपनी 50वीं एसआरजीएम (SRGM) नेवल गन का निर्माण पूरा कर लिया है। कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने इसे हरी झंडी दिखाकर मुंबई के लिए रवाना किया, जिसे युद्धपोत आईएनएस महेंद्रगिरि पर लगाया जाएगा। यह गन 35 किमी के दायरे में हवा, पानी और जमीन पर सटीक निशाना साधने में सक्षम है।

एचआरडीए सुशासन कैंप: एक दिन में 54 मानचित्रों का निस्तारण

रुड़की: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘समाधान और संतुष्टि’ मंत्र के तहत हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) द्वारा रुड़की में सुशासन कैंप का आयोजन किया गया। उपाध्यक्ष श्रीमती सोनिका के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कैंप में 33 मानचित्र स्वीकृत और 21 निर्गत किए गए। प्राधिकरण ने बताया कि अगला सुशासन कैंप 22 दिसंबर को तहसील भगवानपुर के सभागार में आयोजित किया जाएगा