देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को डालनवाला पुलिस ने हरिद्वार जिले के बुग्गावाला से गिरफ्तार कर लिया है। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है। यह कार्रवाई अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित ऑडियो-वीडियो और नेताओं के नाम सार्वजनिक करने के मामले में की गई है।
पुलिस के अनुसार, सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप हैं, जिससे भाजपा नेताओं की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। इस विवादित सामग्री के सामने आने के बाद शिकायतकर्ताओं ने अपनी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद, और देहरादून के नेहरू कॉलोनी व डालनवाला थानों में अलग-अलग प्राथमिकियां (FIR) दर्ज की गई थीं, जिसके बाद पुलिस ने यह कदम उठाया है।













